मुंबई। ओटीटी पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करने के बाद ‘मिर्जापुर’ की खूंखार और रोमांचक दुनिया अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को सेंसर बोर्ड से ए सर्टिफिकेट भी मिल चुका है। रिलीज से पहले मेकर्स ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाते हुए फिल्म का नया हाई-वोल्टेज पार्टी ट्रैक ‘घूम घूम’ जारी कर दिया है।
गाने में बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान बेहद ग्लैमरस और एनर्जेटिक अंदाज में नजर आ रही हैं। अपने शानदार डांस मूव्स से सोनल स्क्रीन पर धमाल मचाती दिखाई दे रही हैं, वहीं उनके साथ दिव्येंदु और रवि किशन भी थिरकते नजर आ रहे हैं। तीनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री और गाने का जबरदस्त पार्टी मूड इसे एक एंटरटेनिंग डांस नंबर बनाता है। ‘घूम घूम’ को राशमीत कौर और रे ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत रे ने तैयार किया है और गीत के बोल कुमार ने लिखे हैं। रिलीज के साथ ही गाने को लेकर सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है।
निर्देशक गुरमीत सिंह और लेखक पुनीत कृष्णा की यह फिल्म ‘मिर्जापुर’ के फैंस को कहानी का एक नया सिनेमाई अनुभव देने वाली है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु के साथ रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी, राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर और मोहित मलिक जैसे कलाकार नजर आएंगे। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
