रायपुर। ‘वंदे मातरम’ विधेयक को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश और भारत माता के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पुरंदर मिश्रा ने कहा कि, जो लोग भारत की संस्कृति और राष्ट्र सम्मान के साथ खड़े रहेंगे, जनता उनका समर्थन करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर सभी दलों को सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए।
बिजली बिल अभियान को लेकर भी भाजपा विधायक ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि, पिछली सरकार के कार्यकाल में बिजली व्यवस्था से जुड़े कई फैसलों की समीक्षा की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस मौजूदा सरकार पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के संयुक्त दौरों पर भी मिश्रा ने तंज कसा। उन्होंने दोनों नेताओं की राजनीतिक सक्रियता को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि, प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है। भाजपा विधायक के इन बयानों के बाद राज्य में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।
