शराब के नशे में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, शव से लिपटकर रोता मिला पति

Follow Us

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भैसामुड़ा गांव में शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने स्वयं गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। होश आने पर वह पत्नी के शव से लिपटकर रोता मिला। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी ने साथ बैठकर शराब पी थी। बची हुई शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में पति ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

बताया गया कि दोनों दंपती मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे और उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। अगहन बाई मूल रूप से मड़वारानी गांव की रहने वाली थीं और पिछले कुछ दिनों से अपने पति परदेसी धनवार के साथ रिश्तेदार के गांव भैसामुड़ा में रह रही थीं।

घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर एक बुजुर्ग मौके पर पहुंचे, जिन्हें भी आरोपी ने धक्का देकर गिरा दिया। सोमवार सुबह सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी पति परदेसी धनवार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।