रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मठपुरैना इलाके में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 66 पौवा देशी शराब जब्त की और दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) रॉबिन्सन गुरिया अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटित के निर्देश पर टिकरापारा पुलिस लगातार अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मठपुरैना निवासी सुरेश देवार और महावीर निषाद अवैध रूप से देशी शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में दो अलग-अलग पुलिस टीमों ने मठपुरैना स्थित पानी टंकी और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सुरेश देवार के कब्जे से 33 पौवा और महावीर निषाद के पास से 33 पौवा देशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
