रायपुर में नो पार्किंग पर पुलिस की सख्ती, क्रेन से हटाए वाहन और काटे ई-चालान

Follow Us

रायपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और सर्विस रोड पर यातायात बाधित करने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान सहित वैधानिक कार्रवाई भी की गई।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक एंड प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत तेलीबांधा में करेंसी टावर और एरीना होटल के सामने सर्विस रोड पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा टाटीबंध, हीरापुर रिंग रोड नंबर-2 और सिलतरा बाईपास स्थित रिंग रोड नंबर-4 पर भी नो पार्किंग में खड़े वाहनों को हटाया गया। कार्रवाई से पहले अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को वाहन हटाने की सूचना दी गई और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर ई-चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे यातायात का दबाव बढ़ता है और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। सर्विस रोड और मुख्य मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और मुख्य मार्गों व सर्विस रोड पर अनधिकृत पार्किंग से बचने की अपील की गई है।