नई दिल्ली। केंद्र सरकार के सफल 12 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय कृषि क्षेत्र में आए बड़े बदलावों और ‘किसान समृद्धि’ की उपलब्धियों को साझा किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि हमारे किसान भाई-बहन देश की खाद्य सुरक्षा और समृद्धि के असली आधारस्तंभ हैं। सरकार ‘बीज से बाजार तक’ की रणनीति के जरिए उनके जीवन को आसान और खेती को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि ‘पीएम-किसान सम्मान निधि’ और ‘फसल बीमा योजना’ से किसानों की आय सुरक्षित हुई है। वहीं ‘पीएम-कुसुम योजना’ से सौर ऊर्जा मिलने के कारण खेती की लागत में कमी आई है। उन्होंने कहा कि सॉयल हेल्थ कार्ड, ड्रोन तकनीक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलने से फसलों की उत्पादकता में भारी सुधार हुआ है।
एक दशक के बड़े आंकड़े:
पीएम-किसान निधि: अब तक देश भर के किसानों के खातों में ₹4.27 लाख करोड़ से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है।
फसल बीमा: ‘पीएमएफबीआई’ के तहत 4 करोड़ से ज्यादा किसानों को सीधा सुरक्षा कवच मिला है।
एग्रीस्टैक आईडी: डिजिटल क्रांति के तहत 11 करोड़ किसानों के लिए ‘फार्मर आईडी’ बनाई जा चुकी है।
सॉइल हेल्थ कार्ड: देश भर में मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए लगभग 26 करोड़ कार्ड बांटे गए हैं।
पीएम मोदी ने एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया, जिसका अर्थ है कि कृषि केवल जीविका नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के पोषण का मूल आधार है। पिछले 12 वर्षों में जलवायु अनुकूल फसलों की 3,000 नई किस्में जारी की गई हैं, जो देश को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रही हैं।
