बॉक्स ऑफिस पर ‘पेड्डी’ का तूफान, 200 करोड़ के करीब पहुंची राम चरण की फिल्म; वरुण धवन की गाड़ी पड़ी धीमी, ‘बंदर’ पस्त

Follow Us

मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां साउथ सुपरस्टार राम चरण की स्पोर्ट्स एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ का एकतरफा दबदबा छठे दिन भी बरकरार है। पहलवान के किरदार में राम चरण का नया अवतार दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपने छठे दिन रु.9.65 करोड़ का शानदार बिजनेस किया है, जिसके साथ ही इसका घरेलू नेट कलेक्शन रु.179.35 करोड़ पहुंच गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन के मामले में फिल्म रु.261.23 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है और जल्द ही रु.200 करोड़ क्लब में एंट्री मारने के लिए तैयार है। जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु और बोमन ईरानी जैसे सितारों से सजी यह फिल्म हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है।

दूसरी ओर, वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की राह अब थोड़ी मुश्किल नजर आ रही है। वीकेंड पर अच्छी कमाई करने के बाद वर्किंग डेज में इसके कलेक्शन में गिरावट आई है। फिल्म ने अपने पांचवें दिन रु.3.50 करोड़ का कारोबार किया, जो इसके चौथे दिन की कमाई के बराबर ही है। फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब तक रु.31 करोड़ हो पाया है।

वहीं, अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी और बॉबी देओल स्टारर फिल्म ‘बंदर’ बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को रिझाने में पूरी तरह नाकाम रही है। सबा आजाद और सान्या मल्होत्रा जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म ने अपने पांचवें दिन महज रु.40 लाख कमाए, जबकि चौथे दिन इसका कलेक्शन सिर्फ ₹30 लाख था। वीकेंड के बाद फिल्म की कमाई का ग्राफ लगातार गिर रहा है और इसका कुल कलेक्शन अब तक केवल रु.3.15 करोड़ ही पहुंच सका है।