मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को में एक अजीब घटना ने लोगों को हैरान कर दिया, जहां कुछ इलाकों में काले और तैलीय पदार्थ के कण बारिश की तरह गिरने की खबर सामने आई। दावा किया जा रहा है कि, यह घटना एक बड़ी तेल रिफाइनरी पर हुए ड्रोन हमले के बाद हुई, जिसके बाद आसमान में धुएं का गुबार छा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन की ओर से किए गए ड्रोन हमले के बाद रिफाइनरी क्षेत्र में आग और धुएं की स्थिति बनी। इसके बाद मॉस्को के आसपास कुछ इलाकों में सड़कों, गाड़ियों और घरों की खिड़कियों पर काले चिपचिपे निशान दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कई वीडियो भी वायरल हुए, जिनमें लोग इस पदार्थ को देखकर हैरानी जताते नजर आए।
हालांकि, मॉस्को प्रशासन ने ‘काली बारिश’ जैसी किसी घटना से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि, स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी बड़े खतरे की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, कुछ स्थानीय एजेंसियों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। क्षेत्रीय प्रशासन ने संवेदनशील लोगों, जैसे बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। लोगों को खिड़कियां बंद रखने और प्रदूषित हवा से बचने की सलाह दी गई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि हमलों के दौरान बड़ी संख्या में ड्रोन और मिसाइलों को रोका गया। इस घटना ने एक बार फिर युद्ध के पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
