नई दिल्ली। छठ महापर्व से पहले दिल्ली में यमुना नदी के सोनिया विहार इलाके में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने से हड़कंप मच गया है। मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जमानत पर छोड़ दिया गया। पुलिस ने सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की शिकायत पर यह कार्रवाई की है। वजीराबाद थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 353, 352 और 240 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, सोनिया विहार के पास यमुना में बड़ी संख्या में मछलियां मृत मिलने की सूचना के बाद संबंधित विभाग ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर उत्तरी जिला पुलिस ने कार्रवाई की। डीसीपी (उत्तर) निहारिका भट्ठा ने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मछलियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।
भाजपा ने AAP पर लगाए गंभीर आरोप
यमुना में मरी हुई मछलियां मिलने का मामला अब राजनीतिक विवाद में बदल गया है। भाजपा नेताओं ने इस घटना के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) को जिम्मेदार ठहराया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया कि छठ पूजा से ठीक पहले यमुना में मरी हुई मछलियां डाली गईं। उन्होंने इसे बेहद गंभीर और निंदनीय कृत्य बताया। वहीं, दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यमुना की सफाई के लिए भाजपा सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को बदनाम करने के उद्देश्य से नदी में मरी हुई मछलियां फेंकी गईं।
AAP ने की निष्पक्ष जांच की मांग
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जल मंत्री प्रवेश वर्मा के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस में दर्ज शिकायत में कहीं भी मरी हुई मछलियां बाहर से लाकर नदी में डालने की बात नहीं कही गई है। आप प्रदेश अध्यक्ष ने आशंका जताई कि प्रदूषित पानी के कारण मछलियों की मौत हुई होगी। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में मछलियां कैसे मरीं और इसके वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच क्यों नहीं कराई जा रही है।
चमड़ा कारखाने के अपशिष्ट पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने भी मछलियों की मौत को लेकर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि हथिनीकुंड बैराज के पास स्थित एक चमड़ा कारखाने से यमुना में छोड़े जा रहे अपशिष्ट के कारण मछलियों की मौत हो रही है। हालांकि, इस आरोप की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
छठ पूजा से पहले बढ़ी श्रद्धालुओं की चिंता
छठ महापर्व के ठीक पहले यमुना में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने की घटना ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु यमुना के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगे। ऐसे में नदी में प्रदूषण और मछलियों की मौत का मामला स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हो गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब यह देखना होगा कि मछलियों की मौत के पीछे प्रदूषित पानी जिम्मेदार है या इसके पीछे किसी की जानबूझकर की गई हरकत है।
