रायपुर में अवैध निर्माण पर निगम की बड़ी कार्रवाई, संगम मैरिज पैलेस के पीछे चला बुलडोजर

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कांदुल रोड स्थित संगम मैरिज पैलेस के पीछे शिव विहार कॉलोनी, बोरियाखुर्द क्षेत्र में बिना अनुमति किए गए अवैध निर्माण पर नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई की।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-10 की टीम ने जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए निर्माणकर्ता पन्ना पाल द्वारा नगर निगम की अनुमति के बिना बनाए गए पांच ब्लॉकों के अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, सहायक अभियंता सुशील अहीर, उप अभियंता नवीन वर्मा, नगर निवेश विभाग के कार्य सहायक जितेंद्र कौशिक, जोन-10 नगर निवेश उड़नदस्ता एवं नगर निगम मुख्यालय की उड़नदस्ता टीम मौजूद रही। इस दौरान यातायात पुलिस बल ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।