‘एक पौधा, सुरक्षित भविष्य’: मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों संग किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Follow Us

रायपुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित जी.आर.ए. स्कूल, जूनाडीह में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण करते हुए कहा कि वृक्ष लगाना केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर हरित वातावरण बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि, बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की आदत विकसित करनी होगी।

राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि, युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी ताकत है और उनके छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने विद्यालय परिवार के पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों की सराहना की और विश्वास जताया कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ प्रकृति संरक्षण के भी सशक्त संदेशवाहक बनेंगे।