रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नीट परीक्षा लीक मामले, स्मार्ट मीटर, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) और स्थानीय निकायों की CAG रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार को बदनाम करने और प्रदेश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। नीट परीक्षा विवाद और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर अरुण साव ने कहा कि सरकार ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन वह अपने मकसद में सफल नहीं होगा।
प्रदेश में UCC लागू करने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस की ओर से आदिवासी समाज को नुकसान होने की आशंका जताए जाने पर डिप्टी CM साव ने कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि यूनिफॉर्म सिविल कोड से आदिवासी समाज को कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना के अनुरूप प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली समिति लोगों से सुझाव लेकर सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी। स्मार्ट मीटर और बिजली बिल को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस बेवजह इस मुद्दे को राजनीतिक बना रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर नई तकनीक का हिस्सा हैं और इससे बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए राशि नहीं मिलने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति विकास पर आधारित है, जबकि कांग्रेस विकास के मुद्दों पर राजनीति करती है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार पूरे छत्तीसगढ़ के संतुलित विकास के लिए काम कर रही है और किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है। संसद में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान विपक्ष की ओर से लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई ठोस तथ्य पेश नहीं कर सकी और केवल साय सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के साथ आने को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण साव ने कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कब विवाद होगा और कब दोस्ती, यह कोई नहीं जानता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास न नीति है, न नीयत और न ही नेतृत्व। स्थानीय निकायों से जुड़ी CAG रिपोर्ट पर अरुण साव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस शासनकाल को देख चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति केवल परिवार और सत्ता तक सीमित रही, जबकि भाजपा सरकार जनता और विकास के मुद्दों पर काम कर रही है।
