नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज तेल एवं गैस कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) ने अंडमान अपतटीय क्षेत्र में प्राकृतिक गैस का दूसरा बड़ा भंडार खोज निकाला है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस ऐतिहासिक कामयाबी की जानकारी देते हुए बताया कि यह खोज अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से करीब 15 किलोमीटर दूर ‘विजयपुरम-3’ अन्वेषण कुएं में हुई है, जो 355 मीटर गहरे समुद्री क्षेत्र में स्थित है।
कंपनी ने घरेलू शेयर बाजारों (BSE और NSE) को सूचित किया है कि इस कुएं की ड्रिलिंग ‘ओपन एकरेज लाइसेंसिंग पॉलिसी’ (OALP) के तहत की गई थी। 1,900 मीटर से अधिक की गहराई पर प्रारंभिक परीक्षण के दौरान लगातार हुई फ्लेयरिंग ने प्राकृतिक गैस की प्रचुर मौजूदगी की पुष्टि की है। परफोरेशन के बाद कुएं में दबाव तेजी से बढ़ा और गैस का प्रवाह शुरू हो गया। फिलहाल वैज्ञानिक इसके रासायनिक संघटन और कैलोरीफिक वैल्यू को समझने के लिए सैंपलिंग और आइसोटोप अध्ययन कर रहे हैं। इससे पहले सितंबर 2024 में भी ‘विजयपुरम-2’ कुएं में गैस मिली थी। अंडमान क्षेत्र में खोदे गए तीन कुओं में से दो में हाइड्रोकार्बन मिलना भारत को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई और ऊंची उड़ान देने वाला साबित होगा।
