नई दिल्ली। आज के समय में कमाई बढ़ने के साथ खर्चों को मैनेज करना भी बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित फाइनेंस टूल लोगों के लिए मददगार साबित हो रहे हैं। ये स्मार्ट टूल न सिर्फ खर्चों का रिकॉर्ड रखते हैं, बल्कि बजट बनाने, अनावश्यक खर्च पहचानने और बेहतर बचत के तरीके सुझाने में भी मदद करते हैं।
इन दिनों YNAB (You Need A Budget), कपिलोट मनी (Copilot Money), Cleo एआई और रॉकेट मनी जैसे टूल काफी चर्चा में हैं। YNAB यूजर्स को हर रुपये का सही इस्तेमाल तय करने में मदद करता है। इसके जरिए लोग अपनी आय को जरूरतों, खर्च और बचत के हिसाब से बांट सकते हैं। वहीं कपिलोट मनी खर्चों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटकर आपकी आर्थिक स्थिति की पूरी तस्वीर दिखाता है। यह कैश फ्लो, निवेश और कुल संपत्ति को समझने में मदद करता है। Cleo एक स्मार्ट चैटबॉट की तरह काम करता है, जो बातचीत के जरिए बजट तैयार करने और खर्चों को नियंत्रित करने के सुझाव देता है। दूसरी ओर रॉकेट मनी बार-बार होने वाले सब्सक्रिप्शन और बिलों पर नजर रखता है, जिससे फालतू खर्च कम किया जा सके।
इसके अलावा गूगल जैमिनी और चैट जीपीटी जैसे एआई टूल भी खर्चों के डेटा का विश्लेषण करने में मदद कर सकते हैं। ये स्प्रेडशीट या एक्सेल में मौजूद जानकारी को समझकर खर्च के पैटर्न और संभावित बचत के तरीके बता सकते हैं। हालांकि, वित्तीय फैसले लेते समय एआई सुझावों के साथ अपनी जरूरतों और विशेषज्ञ सलाह को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
