मुंबई। लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस बांग्ला’ करीब एक दशक बाद नए सीजन के साथ वापसी करने जा रहा है। इस बार शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली पहली बार किसी रियलिटी शो की मेजबानी करते नजर आएंगे। क्रिकेट के मैदान पर अपनी कप्तानी से पहचान बनाने वाले ‘दादा’ अब छोटे पर्दे पर नए अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरव गांगुली ने शो की होस्टिंग के लिए स्टार जलसा के साथ करीब 125 करोड़ रुपये की डील की है। हालांकि, इस रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यदि यह दावा सही साबित होता है, तो यह भारतीय टेलीविजन के सबसे बड़े होस्टिंग कॉन्ट्रैक्ट्स में से एक हो सकता है।
शो के मेकर्स ने हाल ही में ‘बिग बॉस बांग्ला’ का पहला प्रोमो जारी किया है। प्रोमो की शुरुआत एक बाघ की झलक से होती है, जिसके बाद सौरव गांगुली सूट-बूट में दमदार अंदाज में एंट्री करते दिखाई देते हैं। वीडियो में उनकी प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस और आत्मविश्वास ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। करीब दस साल बाद लौट रहा ‘बिग बॉस बांग्ला’ अपने तीसरे सीजन के साथ दर्शकों के बीच आएगा। पहले दोनों सीजन को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और अब नए सीजन से दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। सौरव गांगुली की मौजूदगी शो के लिए बड़ा आकर्षण मानी जा रही है।
मेकर्स के अनुसार, ‘बिग बॉस बांग्ला’ का नया सीजन सितंबर से प्रसारित होगा। हालांकि, अभी तक प्रीमियर डेट और कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक सूची का ऐलान नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में शो से जुड़े कई बड़े अपडेट सामने आएंगे। इस बीच, सौरव गांगुली अपनी होस्टिंग के साथ-साथ अपनी बायोपिक ‘दादा’ को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी जिंदगी पर आधारित इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली की भूमिका निभाते नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज हुआ, जिसे सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।
