चीन के गांसू में कुदरत का कहर, भूस्खलन में 21 मजदूरों की मौत, कई लोग मलबे में दबे

Follow Us

बीजिंग। चीन के पश्चिमी प्रांत गांसू में मंगलवार सुबह हुए भीषण भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी। लोंगनान शहर के नान्हे टाउनशिप इलाके में अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसकने से कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रेनजांग गांव के पास स्थित एक सरकारी वन क्षेत्र में हुई, जहां स्थानीय ग्रामीण अस्थायी मजदूर के तौर पर काम कर रहे थे। भूस्खलन के वक्त कुल 33 लोग मलबे की चपेट में आ गए थे। राहत और बचाव टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकाला।

अधिकारियों के अनुसार, मलबे से निकाले गए पांच लोग सुरक्षित हैं, जबकि सात घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में बचावकर्मी मौके पर पहुंचे। फिलहाल प्रशासन ने राहत अभियान पूरा कर लिया है, लेकिन भूस्खलन के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी इलाकों में अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।