रायपुर। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों की समस्याओं से अवगत कराया और मामले में हस्तक्षेप की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के सामने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रभावित लोगों को न्याय मिले और उनके पुनर्वास सहित अन्य समस्याओं का समाधान किया जाए। कांग्रेस के अनुसार, राज्यपाल ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद वह इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्यपाल के हस्तक्षेप से प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने सरकार से भी प्रभावित लोगों के हित में उचित कदम उठाने की मांग की। इससे पहले बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नकटी गांव से राजभवन तक करीब 14 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली थी। पदयात्रा वीआईपी चौक होते हुए लोकभवन पहुंची थी, लेकिन उस दिन राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी थी। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा था। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर मुलाकात का समय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

