SP कार्यालय के बाहर बदमाश का हाई-वोल्टेज ड्रामा, थाना प्रभारी पर लगाए आरोप; पुलिस ने गिरफ्तार कर निकाला पैदल मार्च

Follow Us

रायगढ़। शहर के पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के बाहर गुरुवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब नामी बदमाश चाहत शुक्ला ने पहुंचकर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल पर गंभीर आरोप लगाए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि चाहत शुक्ला ने SP कार्यालय के सामने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि थाना प्रभारी राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं। उसने यह भी दावा किया कि वह वित्त मंत्री ओपी चौधरी से रिश्तेदारी का प्रभाव दिखाकर उसके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।

चाहत शुक्ला ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि दो बार जिला बदर की कार्रवाई के बाद अदालत से राहत मिलने के बावजूद उसे परेशान किया जा रहा है। हंगामे के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चाहत शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का शहर में पैदल मार्च भी निकाला और बाद में उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आरोपी की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।