पहली ही छलांग में कमाल, मुरली श्रीशंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स फाइनल में बनाई जगह

Follow Us

ग्लासगो। भारतीय लॉन्ग जंप स्टार मुरली श्रीशंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार आगाज किया है। पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा के क्वालिफिकेशन राउंड में श्रीशंकर ने अपने पहले ही प्रयास में 8.01 मीटर की छलांग लगाकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। केरल के 27 वर्षीय एथलीट को फाइनल में पहुंचने के लिए 8.00 मीटर के क्वालिफिकेशन मार्क को पार करना था। उन्होंने बिना किसी दबाव के पहली कोशिश में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया और आगे के प्रयासों से बचते हुए मेडल मुकाबले के लिए अपनी ऊर्जा सुरक्षित रखी।

ग्रुप-ए क्वालिफिकेशन में श्रीशंकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। उनकी 8.01 मीटर की छलांग जमैका के जॉर्डन टर्नर की 7.80 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग से बेहतर रही। चोट से उबरने के बाद श्रीशंकर इस सीजन में बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उनका इस साल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.38 मीटर है, जिसके चलते वह भारत की पदक उम्मीदों में शामिल हैं। अब सभी की नजरें 29 जुलाई को होने वाले फाइनल मुकाबले पर हैं। श्रीशंकर के पास इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए सिल्वर को गोल्ड में बदलने का सुनहरा मौका है।