जगदलपुर। बस्तर संभाग के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र महारानी जिला चिकित्सालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक में अस्पताल के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में महारानी अस्पताल में कैंसर यूनिट, पैलिएटिव केयर यूनिट और डायलिसिस यूनिट के विकास के लिए नए भवन के निर्माण को मंजूरी दी गई। इस भवन में मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनी) विभाग के लिए 20 बिस्तरों वाला नया वार्ड बनाया जाएगा। साथ ही मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन और पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) का भी विस्तार किया जाएगा।
जीवनदीप समिति ने अस्पताल के पुराने और जर्जर वार्डों की मरम्मत तथा आवश्यक सुधार कार्य कराने का भी निर्णय लिया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की जरूरत के अनुसार नए चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई, ताकि मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
अस्पताल में प्रस्तावित इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद जगदलपुर और आसपास के हजारों मरीजों को बेहतर इलाज के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।
