बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के आमाकोना और चंपानगर में स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर लगाए गए। स्वास्थ्य एवं पोषण सेवा संगम के तहत आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और शिशुवती माताओं को विशेष रूप से चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला।
पीएम जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर और शुगर जांचा गया। जरूरतमंदों को मौके पर प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। आगे की जांच के लिए ब्लड सैंपल भी लिए गए। आमाकोना में आयोजित शिविर में 42 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हुए। बच्चों का वजन और ऊंचाई मापकर उनकी पोषण स्थिति का आकलन किया गया और अभिभावकों को उनके बेहतर विकास के लिए सलाह दी गई।
शिविर के दौरान पूरक पोषण आहार के 15 पात्र हितग्राहियों को सुपोषण किट वितरित की गई। इसके साथ ही ग्रामीणों को कुपोषण की रोकथाम, मातृ पोषण, शिशु आहार और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट से गांव में ही उपचार और जांच की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को अस्पताल जाने की परेशानी से राहत मिली।
