मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बलरामपुर धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों का तिलक-माला से किया सम्मान

Follow Us

बलरामपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बलरामपुर धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी प्रक्रिया और किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परंपरा के अनुसार तौल मशीन की पूजा-अर्चना की और धान बेचने आए किसानों को तिलक लगाकर व माला पहनाकर सम्मानित किया। मंत्री ने किसानों को खरीदी सीजन की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बैठकर तौल, टोकन तथा भुगतान से जुड़ी व्यवस्थाओं पर बातचीत की।

किसानों से चर्चा करते हुए मंत्री राजवाड़े ने कहा कि धान का प्रत्येक दाना किसान की महीनों की मेहनत, धैर्य और उम्मीदों से जुड़ा होता है। उपज लेकर खरीदी केंद्र पहुंचने वाले किसान के साथ उसके परिवार की जरूरतें और सपने भी जुड़े रहते हैं। इसलिए यह जरूरी है कि केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, धान की सही तौल की जाए और उपज का पूरा मूल्य समय पर मिले। उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान छत्तीसगढ़ की पहचान है और राज्य सरकार अन्नदाताओं की सुविधा व समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तौल व्यवस्था, धान में नमी की जांच, बारदाने, स्टैकिंग, पेयजल और छाया जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और समिति कर्मचारियों को निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल तक की जा रही है। प्रत्येक बोरे में 40 किलोग्राम धान भरा जा रहा है। नए जूट बारदाने का मान्य वजन 545 से 626 ग्राम और धान में अधिकतम स्वीकार्य नमी 17 प्रतिशत निर्धारित है।

जिले में खरीदी के पहले दिन 37 केंद्रों के माध्यम से 6,584 क्विंटल धान खरीदा गया, जो पिछले वर्ष के पहले दिन की तुलना में करीब 20 गुना अधिक है। मंत्री ने किसानों से ‘तुहर टोकन’ ऐप के जरिए टोकन प्राप्त कर निर्धारित तारीख पर साफ और सूखा धान केंद्र में लाने की अपील की। इस अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।