रायपुर। राजधानी रायपुर के विमतारा ऑडिटोरियम में आयोजित पीएसवाय एजुकेशन एवं रिसर्च फेडरेशन के राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह एवं पदक तथा निधि वितरण-2026 में राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशभर के मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट जिला शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को मौलिक सोच विकसित करने, डिजिटल एडिक्शन से दूर रहने और अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनने की प्रेरणा दी।
राज्यपाल ने कहा कि आज इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दौर है, लेकिन यह मानव बुद्धि का विकल्प नहीं बन सकता। विद्यार्थियों को गूगल और AI का उपयोग केवल सहायक साधन के रूप में करना चाहिए तथा अध्ययन और स्वतंत्र सोच की आदत बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यक और शैक्षणिक कार्यों तक सीमित रखना चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की तुलना दूसरों से न करने और उनकी प्रतिभा व रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। राज्यपाल ने कहा कि हर छात्र का लक्ष्य IIT या मेडिकल ही होना जरूरी नहीं है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर उपलब्ध हैं, जहां विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुसार सफलता हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं विधायक तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ उसे हासिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट जिला शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
