एमसीबी। सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया आगामी 6 जून 2026 को पूरे देश के साथ-साथ मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में एक विशेष ‘कृषि ऋण आउटरीच कैंप’ का आयोजन करने जा रहा है । इस शिविर के माध्यम से जिले के किसानों, कृषि उद्यमियों और ग्रामीण व्यवसायियों को कृषि से जुड़ी विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) बिजन नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया 6 जून को संपूर्ण भारत में इस अभियान को चला रहा है । इसी कड़ी में एमसीबी जिले में स्थित बैंक की सभी 13 शाखाएं इस आउटरीच कैंप का हिस्सा बनेंगी ।
मौके पर ही मिलेगी लोन की मंजूरी:
इस विशेष कैंप का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देना है । शिविर के दौरान कृषि से संबंधित अलग-अलग लोन योजनाओं के तहत आवेदनों की जांच की जाएगी और पात्र पाए जाने पर मौके पर ही ऋण की स्वीकृति (Approval) एवं संवितरण (Disbursal) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बैंक ने की किसानों और उद्यमियों से अपील:
अग्रणी बैंक अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, खेती-किसानी से जुड़े किसान, एग्री-स्टार्टअप/कृषि उद्यमी और सभी ग्रामीण छोटे-बड़े व्यवसायी इस कैंप का लाभ उठा सकते हैं । बैंक ने सभी इच्छुक नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार कृषि ऋण के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया की अपनी नजदीकी शाखा से तुरंत संपर्क करें और अपना आवेदन जमा करें ।
