गाजियाबाद की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 7 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

Follow Us

गाजियाबाद । बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एविनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और करीब सात दमकल वाहनों की मदद से कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री भवन में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग के अनुसार, गुरुवार 1 अक्टूबर को तड़के करीब 1:11 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि प्लॉट नंबर सी-87/1, बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एविनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तीन फायर टेंडर/बाउजर और स्वदेशी कंपाउंड, बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया से एक फायर टेंडर को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि आग फैक्ट्री भवन के भूतल पर लगी हुई थी। आग की तीव्रता काफी अधिक थी और भवन के अंदर धुआं भी भरा हुआ था।

स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल दो होज लाइन फैलाकर फायर फाइटिंग शुरू कर दी। आग तेजी से फैलने की आशंका और उसकी तीव्रता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद के निर्देश पर फायर स्टेशन वैशाली और साहिबाबाद से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को घटनास्थल पर बुलाया गया।दमकल विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि संबंधित भवन के तीन हिस्सों में अन्य फैक्ट्रियां भी संचालित थीं। इस कारण आसपास की इकाइयों में आग फैलने से रोकने के लिए विशेष सावधानी बरतनी पड़ी और फायर फाइटिंग मुख्य रूप से भवन के सामने वाले हिस्से से की जा रही थी। भवन के अंदर आग और धुएं की अधिकता के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। इसके बावजूद फायर यूनिट के कर्मचारियों ने सुरक्षा उपकरण बीए सेट (ब्रीदिंग अप्रैटस सेट) पहनकर भवन के अंदर प्रवेश किया।

दमकलकर्मियों ने अंदर पहुंचकर आग के स्रोत तक फायर फाइटिंग की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद भवन में मौजूद अलग-अलग हिस्सों को भी जांचा गया, ताकि कहीं कोई आग या सुलगता हुआ हिस्सा बाकी न रह जाए। दमकल विभाग के मुताबिक, इस अग्निकांड में कुल सात दमकल गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया। आग पूरी तरह बुझाए जाने के बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थिति का जायजा लिया गया। आग के कारण फैक्ट्री में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया है।

हालांकि, अभी आग लगने के कारणों और संपत्ति के कुल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। फायर विभाग की तत्परता और दमकल कर्मियों की कार्रवाई के चलते आग को आसपास की फैक्ट्रियों और औद्योगिक क्षेत्र के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।