पटना। बिहार की राजधानी पटना के फतुहा प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को वट सावित्री पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पूजा-अर्चना कर रही सुहागिन महिलाओं के बीच उस समय अचानक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब परिसर में स्थित एक प्राचीन बरगद के पेड़ में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पेड़ के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, वट सावित्री व्रत के पावन अवसर पर सुबह से ही अखंड सौभाग्य की कामना के लिए सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ बरगद पेड़ के नीचे जुटी हुई थी। परंपरा के मुताबिक महिलाएं बरगद के पेड़ के चारों ओर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा कर रही थीं और नीचे दीए जलाकर पूजा कर रही थीं। इसी दौरान किसी दीए की लौ पेड़ पर लिपटे सूखे पवित्र धागों तक पहुंच गई। धागे ने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में लपटें वट वृक्ष के तने और छाल तक फैल गईं।
गनीमत यह रही कि आग भड़कते ही सभी व्रती महिलाएं सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पेड़ से दूर हट गईं, जिससे कोई भी श्रद्धालु इसकी चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया। पेड़ को जलता देख वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद पानी डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पेड़ का निचला हिस्सा और पूजा की सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
