सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, जंगल से माओवादियों का हथियार और IED डंप बरामद

Follow Us

जगदलपुर। तेलंगाना के मुलुगु जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। वाजेडू थाना क्षेत्र के कराईगुट्टा पहाड़ियों के घने जंगल में संयुक्त अभियान के दौरान माओवादियों का हथियार और आईईडी (IED) डंप बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया और सभी जवान सुरक्षित लौट आए। जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर पामुनुरु गांव के उत्तर स्थित कराईगुट्टा पहाड़ियों में शुक्रवार सुबह संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान में सीआरपीएफ की 39वीं बटालियन, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDS) शामिल था।

सुबह करीब 8:30 बजे सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में छिपाकर रखा गया माओवादी डंप मिला। तलाशी के दौरान दो भरमार राइफल, 25 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन स्टिक, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, 12 वोल्ट बैटरी सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली सामान बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने मौके पर ही बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। अभियान के दौरान किसी भी जवान को नुकसान नहीं पहुंचा और पूरी टीम सुरक्षित बेस कैंप लौट आई। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल माओवादी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कर सकते थे। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।