खैरागढ़। जिले के ग्राम पंचायत गातापार जंगल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी के 10 कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व केसीजी जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने की उपस्थिति में सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का गमछा पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विक्रांत सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति और संगठनात्मक कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक और जनहितकारी कार्य हुए हैं, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और संगठन के कार्यों को परिवार की जिम्मेदारी समझकर समर्पित भाव से निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य चम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेसर साहू, टीके चंदेल, दिनेश वर्मा, गोरेलाल वर्मा, टोमेश साहू, संजय यदु, कमलेश भदौरिया, नरोत्तम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
