रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: इजरायल को बचाने में खाली हुआ अमेरिका का ‘ब्रह्मास्त्र’, आधा थाड सिस्टम खत्म

Follow Us

वाशिंगटन। मध्य-पूर्व (मिडल ईस्ट) में हाल ही में थमी जंग को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी मिसाइलों के कहर से इजरायल को सुरक्षित रखने के लिए अमेरिका को अपने सबसे आधुनिक एंटी-मिसाइल डिफेंस सिस्टम ‘थाड’ (THAAD) का लगभग आधा स्टॉक खाली करना पड़ा है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, पेंटागन के पास मौजूद कुल भंडार में से रिकॉर्ड 200 से अधिक थाड इंटरसेप्टर मिसाइलें अकेले इजरायल की रक्षा में दाग दी गईं।

सिर्फ इतना ही नहीं, अमेरिकी नौसेना ने पूर्वी भूमध्य सागर में तैनात अपने युद्धपोतों से भी 100 से ज्यादा स्टैंडर्ड मिसाइल-3 (SM-3) और SM-6 इंटरसेप्टर दागे। इसके मुकाबले खुद इजरायल ने अपने एरो डिफेंस सिस्टम से 100 से कम और डेविड्स स्लिंग से करीब 90 इंटरसेप्टर ही इस्तेमाल किए। अमेरिकी अधिकारियों ने माना कि उन्होंने ईरानी हमलों को हवा में नष्ट करने के लिए इजरायल से दोगुना ज्यादा एक्शन लिया।

यह जंग 28 फरवरी, 2026 को शुरू हुई थी, जब अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर भीषण सैन्य कार्रवाई की थी। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई समेत कई शीर्ष नेता मारे गए थे। हालांकि, 8 अप्रैल से लागू सीजफायर के बाद फिलहाल युद्ध रुका हुआ है और शांति समझौते की बातचीत चल रही है। लेकिन जानकारों का कहना है कि रक्षा भंडार आधा होने से अमेरिका की टेंशन बढ़ गई है। यदि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की चेतावनी के बाद आने वाले दिनों में ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य एक्शन शुरू होता है, तो अमेरिका के पास इंटरसेप्टर मिसाइलों का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।