तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भाड़म में एक दर्दनाक हादसे में मां और उसके दो बेटों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई सिंगरौल शुक्रवार सुबह खेत में मवेशियों के प्रवेश को रोकने के लिए जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ उनके पुत्र विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद थे। इसी दौरान तीनों अचानक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद जब वे खेत पहुंचे तो तीनों के शव पड़े मिले। यह मंजर देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि, खेत की घेराबंदी के दौरान बिजली का करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
