०गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से पकड़े गए आरोपी; तीन मामलों में 1.15 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा
रायपुर । शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर ठगों के खिलाफ ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज साइबर थाना ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन अलग-अलग मामलों में पीडि़तों से कुल 1 करोड़ 15 लाख रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा ने साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रेंज साइबर थाना रायपुर को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा ठगी की रकम से जुड़े बैंक खातों को चिन्हित कर होल्ड अथवा जब्त करने के निर्देश दिए थे।
Read more :- राजधानी में सामाजिक एकजुटता , भूमिपूजन तथा बाइक रैली का दिखा अद्भुत संगम
69 लाख की ठगी में सूरत से दो गिरफ्तार
पहले मामले में पलारी थाना क्षेत्र के प्रार्थी डागेश चंद्राकर ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के नाम पर 69 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 383/24, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि शुभम चौहान और साबले प्रेम विश्वास ने फर्जी कंपनी और फर्जी सिम के जरिए अपने साथियों की मदद से फर्जी बैंक खातों में रकम जमा कराई थी। पुलिस के अनुसार इन बैंक खातों से जुड़े मामलों में अलग-अलग राज्यों के 20 से अधिक थानों और साइबर सेल में शिकायतें दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को सूरत, गुजरात से गिरफ्तार किया गया।
12 लाख की ठगी, जबलपुर से आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में भाटापारा सिटी थाना क्षेत्र के निवासी मुकेश विश्वकर्मा से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत पर थाना भाटापारा सिटी में अपराध क्रमांक 513/24, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अनुज सेन को जबलपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक कटनी निवासी अनुज सेन जबलपुर और इंदौर जाकर फर्जी कंपनियां तैयार करता था तथा उन्हीं कंपनियों के नाम से बैंक खाते खुलवाकर अपने साथियों के साथ साइबर ठगी करता था।
34 लाख की ठगी में महाराष्ट्र का आरोपी पकड़ा गया
तीसरे मामले में मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के प्रार्थी वेदप्रकाश बघेल से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 34 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 659/25, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
तकनीकी जांच में ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई गई। जांच में आरोपी विक्की लक्ष्मीचंद राहंगडाले, निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी कंपनी और फर्जी सिम के जरिए अपने साथियों की मदद से जयपुर, राजस्थान जाकर फर्जी बैंक खातों में ठगी की रकम जमा कराई थी।
Read more :- अंडर-19 क्रिकेट: आदित्य वर्मा के शतक की बदौलत छत्तीसगढ़ ने गोवा को 29 रनों से हराया
चारों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभम चौहान (22), साबले प्रेम विश्वास (23), अनुज सेन (29) और विक्की राहंगडाले (33) को गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर चल रहे अंतर्राज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से जुड़े अन्य बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और उनके साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
