संयुक्त टीम ने ग्राम घुटकेल में जांच के दौरान एक मकान में रखे 147 बोरा धान का पता लगाया। जांच में सामने आया कि संतोष खंडेलवाल ने अपने ड्राइवर के घर में यह धान रखवाया था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि इसे आगामी धान खरीदी के दौरान उपार्जन केंद्र में खपाने के उद्देश्य से जमा किया गया था। मौके पर भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर टीम ने 147 बोरा धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। वहीं ग्राम उमरगांव में तोषण कुमार साहू के गोदाम की जांच के दौरान दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। इसके बाद गोदाम में रखे 310 कट्टा धान को भी जब्त कर लिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों के साथ गोदामों, सीमावर्ती क्षेत्रों और संदिग्ध भंडारण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से अवैध परिवहन एवं भंडारण की शिकायतों पर तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी का लाभ केवल पात्र और वास्तविक किसानों को मिलना चाहिए। किसानों के नाम पर अनधिकृत धान बेचने की कोशिश सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि धान के संदिग्ध भंडारण, अवैध परिवहन या खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। प्रशासन ने कहा है कि किसानों के हितों की रक्षा और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
