अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस विवाद को लेकर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज ने पूर्व पदाधिकारी गोपाल राव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे विवाद की जिम्मेदारी उन्हीं की है और वे लगातार भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं।
इसी बीच प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी भी तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने उन मकानों की पहचान कर ली है जो बिना स्वीकृत नक्शे या नियमों के उल्लंघन के साथ बनाए गए हैं। इनमें आरोपियों लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के घर भी शामिल बताए जा रहे हैं। इन पर जल्द ही बुलडोजर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
जांच एजेंसियां भी मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। पुलिस और SIT लगातार पूछताछ कर रही हैं, वहीं ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अन्य पदाधिकारियों से भी सवाल-जवाब किए जा चुके हैं। आरोपियों की नियुक्ति और भूमिका को लेकर भी जांच तेज है। गौरतलब है कि, यह मामला 7 जून को सामने आया था, जिसके बाद SIT का गठन किया गया और 25 जून को एफआईआर दर्ज कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मामले के सामने आने के बाद ट्रस्ट में इस्तीफों और अंदरूनी विवादों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
