बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा विवाद में बड़ा एक्शन, निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल पर एफआईआर दर्ज

Follow Us

देहरादून। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विभागीय कार्रवाई के बाद अब उनके खिलाफ पुलिस ने आपराधिक मामला भी दर्ज कर लिया है। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर बदरीनाथ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर मंदिर में कथित वित्तीय गड़बड़ी से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद बीकेटीसी ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई थी। प्रारंभिक जांच में समिति ने कुछ गतिविधियों को संदिग्ध पाया, जिसके बाद 7 जुलाई को प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।

बीकेटीसी का कहना है कि, निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया। इसके बाद मंदिर प्रशासन की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर अब कानूनी कार्रवाई शुरू हो चुकी है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि एफआईआर दर्ज होना केवल जांच की शुरुआत है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों और दस्तावेजों की जांच कर रही है।