राजनांदगांव। पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ ने अवैध शराब बिक्री एवं आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 पौवा अंग्रेजी शराब, एक बटनदार धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तुमड़ीबोड़ के रामनगर निवासी अरुण विश्वकर्मा (30 वर्ष), पिता कमलेश विश्वकर्मा, मचानपार नाला के पास डोंगरगांव मार्ग पर मोटरसाइकिल से अवैध रूप से शराब बिक्री करने के लिए खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की तलाशी ली। मोटरसाइकिल पर रखी प्लास्टिक बोरी से सी.जी. फाइन डिलक्स व्हिस्की के 35 पौवा, कुल मात्रा 6.300 बल्क लीटर, बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 4,200 रुपये बताई गई है। वहीं आरोपी की जेब से काले रंग का एक बटनदार धारदार चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद शराब, चाकू तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र-14-रूष्ट-2254 को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 24,200 रुपये बताई गई है। पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ ने आरोपी अरुण विश्वकर्मा के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं धारा 25 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अरुण विश्वकर्मा का नाम पूर्व से ही पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की गुंडा-बदमाश सूची में दर्ज है। उसके विरुद्ध हत्या, मारपीट और आम्र्स एक्ट सहित कई मामले पूर्व में दर्ज बताए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, सउनि चुन्नीलाल साहू, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, आरक्षक लोकेश साहू, आरक्षक दिगाम्बर सिदार, आरक्षक देवानंद परतेती, आरक्षक थलेश देशमुख सहित पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
