नवरात्रि पर्व के दौरान सुहेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु 2100 नग स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े जब्त

Follow Us

➤ नवरात्रि पर्व के दौरान दुर्गा मेला परिसर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु सुहेला पुलिस का विशेष अभियान
➤ असामाजिक गतिविधियों एवं संभावित अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से 2100 नग स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े जब्त
➤ नवरात्रि पर्व के 06 दिनों में विशेष अभियान चलाकर की गई कार्रवाई
➤ मेला परिसर में हुड़दंग, नशाखोरी, मारपीट एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

भाटापारा/सुहेला। पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (भा.पु.से.) द्वारा नवरात्रि पर्व के दौरान दुर्गा मेला परिसर में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने हेतु दिए गए निर्देशों के परिपालन में थाना प्रभारी सुहेला निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में सुहेला पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा अभियान चलाया गया।

उक्त अभियान के तहत नवरात्रि पर्व के दौरान दुर्गा मेला परिसर में आने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी गई। इस दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा हाथों में धारण किए गए भारी स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े, जिनका उपयोग मारपीट अथवा किसी अप्रिय घटना में चोट पहुंचाने के लिए किए जाने की आशंका थी, के संबंध में एहतियाती कार्रवाई की गई।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मां दुर्गा के चरणों में बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

सुहेला पुलिस द्वारा नवरात्रि पर्व के 06 दिनों में विशेष अभियान चलाकर लगभग 2100 नग स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े जब्त किए गए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मेला परिसर में संभावित मारपीट, विवाद, हुड़दंग एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम कर श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना रहा।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि धार्मिक आयोजनों एवं सार्वजनिक मेला स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को धार्मिक आयोजन की गरिमा भंग करने, अनावश्यक विवाद उत्पन्न करने अथवा आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

सुहेला पुलिस की आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील
थाना प्रभारी सुहेला द्वारा नवरात्रि मेला एवं धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।

साथ ही दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार का हुड़दंग, विवाद अथवा कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सुहेला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेला परिसर में शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।