वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान: कांग्रेस ने जिलावार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की
दूसरा चरण 20 तक, तीसरा 25 अक्टूबर से
रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी “वोट बचाओ-देश बचाओ” अभियान के तहत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चरणबद्ध आंदोलन के सफल क्रियान्वयन के लिए जिलावार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। पीसीसी प्रभारी महामंत्री संगठन एवं प्रशासन मलकीत सिंह गेंदू ने 17 अक्टूबर को आदेश जारी किया है, जो तत्काल प्रभावशील होगा। प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी आदेश के अनुसार अभियान का द्वितीय चरण 10 से 20 अक्टूबर और तृतीय चरण 25 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक चलेगा। रायपुर शहर में अरूण वोरा और ग्रामीण में सुरेन्द्र शर्मा पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए है। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की मेगा राष्ट्रीय रैली भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम की रूपरेखा –
द्वितीय चरण – ब्लॉक स्तरीय मार्च एवं जनसंपर्क (10 से 20 अक्टूबर): प्रत्येक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से एसडीएम या प्रशासनिक मुख्यालय तक जनपदयात्रा/साइकिल रैली/बाइक रैली निकालेगी। समापन स्थल पर संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ, राष्ट्रगान और ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर विरोध दर्ज किया जाएगा। दशहरा के दौरान सार्वजनिक सभाओं में “वोट चोरी” की साजिश को उजागर करने वाले पर्चे बांटे जाएंगे।
तृतीय चरण – वोट बचाओ-देश बचाओ (25 अक्टूबर से 25 नवंबर): 25 अक्टूबर को राज्य और जिला मुख्यालयों पर प्रेसवार्ता होगी। दूसरे एवं तीसरे दिन कार्यक्रम समन्वय दिन, फिर सभी ब्लॉक अध्यक्षों के साथ जिलास्तरीय बैठक, फिर दिशा-निर्देश के लिए बूथ लेवल एजेंटों की बैठक और ब्लॉक स्तरीय बैठकों का आयोजन होगा। चौथे से दसवें दिन तक “वोट रक्षक” अभियान चलाकर हटाए गए मतदाताओं का पता लगाया जाएगा। 11वें दिन से बैलेट सत्यापन और मतदाता रजिस्टर जमा किया जाएगा। 12वें से 30वें दिन सभी गांवों में सुलभ प्रारूप में चौपाल आयोजित कर हटाए गए मतदाताओं, बुजुर्गों, पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा कर वोट चोरी के बारे में समझाया जाएगा, अनुच्छेद 326 का पाठ और राष्ट्रगान होगा।
किस जिले में कौन पर्यवेक्षक –
रायपुर शहर में अरूण वोरा, रायपुर ग्रामीण में सुरेन्द्र शर्मा, बलौदाबाजार में मो. अकबर, महासमुंद में अमितेष शुक्ल, धमतरी में सकलेन कामदार, गरियाबंद में विनोद चंद्राकर, दुर्ग शहर में रविन्द्र चौबे, दुर्ग ग्रामीण में सुबोध हरितवाल, भिलाई शहर में आर.एन. वर्मा, बालोद में लेखराम साहू, बेमेतरा में सुनील महेश्वरी, कवर्धा में डॉ. थानेश्वर पटिला, राजनांदगांव शहर में प्रतिमा चंद्राकर, राजनांदगांव ग्रामीण में कुंवर सिंह निषाद, खैरागढ़- छुईखदान-गंडई में शाहिद खान, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में भुनेश्वर बघेल, मुंगेली में हितेन्द्र ठाकुर, बिलासपुर शहर में शैलेषनितिन त्रिवेदी, बिलासपुर ग्रामीण में सीमा वर्मा, पेंड्रा-गौरेला-मरवाही में शैलेष पाण्डेय, कोरबा शहर में उमेश पटेल, कोरबा ग्रामीण में विजय केशरवानी, जांजगीर-चांपा में मनोज गुप्ता, सक्ति में डॉ. विनय जायसवाल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रेमचंद जायसी, रायगढ़ शहर में रामकुमार यादव, रायगढ़ ग्रामीण में नोबेल वर्मा, सरगुजा में वेदान्ती तिवारी, सूरजपुर में गुलाब कमरो, बलरामपुर में डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव, जशपुर में द्वितेन्द्र मिश्रा, एमसीबी में उत्तम वासुदेव, कोरिया में डॉ. प्रीतम राम, कांकेर में अनिला भेड़िया, जगदलपुर शहर में चंदन कश्यप, बस्तर ग्रामीण में देवचंद मातलम, बीजापुर में लखेश्वर बघेल, नारायणपुर में बोरस ठाकुर, कोंडागांव में हेमंत ध्रुव, दंतेवाड़ा में रेखचंद जैन और सुकमा में अवधेश गौतम को जिम्मेदारी दी गई है।


