गोंचा रथयात्रा में बड़ा हादसा टला, रथ के पहिए के नीचे आई बुजुर्ग महिला; हाथ में फ्रैक्चर, VIDEO वायरल

Follow Us

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में चल रहे ऐतिहासिक गोंचा महापर्व के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। रथ खींचने के दौरान एक बुजुर्ग महिला अचानक रथ के पहिए की चपेट में आ गई। इस घटना में महिला की हथेली में फ्रैक्चर हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना गोलबाजार क्षेत्र के पास हुई। रथयात्रा के दौरान महिला का हाथ अचानक रथ के पहिए के नीचे आ गया और पहिया हथेली के ऊपर से गुजर गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और रथ खींच रहे लोगों ने तुरंत रथ को रोक दिया और घायल महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों की जांच में महिला की हथेली में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसा गंभीर रूप नहीं ले पाया। पहिया केवल हाथ के ऊपर से गुजरने के कारण महिला की जान बच गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए रथयात्रा स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन स्थिति नियंत्रित होने के बाद गोंचा रथयात्रा फिर से शुरू कर दी गई।