अहमदाबाद। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने आतंकी साजिश के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में आतंकी हमलों की योजना बना रहे थे। समय रहते कार्रवाई कर ATS ने कथित साजिश को नाकाम कर दिया। जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी पिछले करीब छह महीने से एक-दूसरे के संपर्क में थे और आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिश कर रहे थे। ATS के मुताबिक, आरोपियों ने गुजरात में ही विस्फोटक तैयार कर सुनसान इलाकों में कथित तौर पर ट्रायल ब्लास्ट भी किए थे।
गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी पहले पकड़े गए आठ संदिग्धों से जुड़े बताए जा रहे हैं। एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और अन्य संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। ATS के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिद शेरा, मोहम्मद अयूब काडीवाल उर्फ मोहम्मद खड़ियासन, मोहम्मद शफी मुखी उर्फ शफी चापी, मोहम्मद हसन क राडिया उर्फ हसन हैदरपुरी और मोहम्मद अयूब सुमासरा उर्फ मोहम्मद खली के रूप में हुई है। इन्हें पाटन जिले की सिद्धपुर तहसील के खड़ियाल गांव से गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों को मेहसाणा जिले की कड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायिक मजिस्ट्रेट आर. एम. भाटिया की अदालत ने पूछताछ के लिए सभी को 24 जुलाई तक ATS रिमांड पर भेज दिया। अभियोजन पक्ष ने अदालत में कहा कि मामले में कई अहम सबूत अभी जुटाए जाने बाकी हैं। ATS का कहना है कि जैश-ए-मोहम्मद लंबे समय से गुजरात में अपना नेटवर्क और स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल जांच एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मॉड्यूल की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी हैं।
