महतारी वंदन योजना का पोर्टल जल्द खुलेगा, विधानसभा में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बड़ा बयान

Follow Us

मानसून सत्र में उठा आवेदन का मुद्दा, ई-केवाईसी पूरी नहीं होने से रुकी है करीब एक लाख महिलाओं की राशि

रायपुर। महतारी वंदन योजना में नए आवेदन और छूटी हुई पात्र महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि  महतारी वंदन योजना का पोर्टल जल्द ही दोबारा खोला जाएगा , ताकि पात्र महिलाएं आवेदन कर सकें और योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

यह मामला कांग्रेस विधायक उमेश पटेल द्वारा सदन में उठाया गया। उन्होंने पहली किस्त मिलने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम योजना से हटाए जाने और नए आवेदन के लिए पोर्टल बंद होने पर सरकार से जवाब मांगा।

जवाब में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि करीब  1 लाख 55 हजार 655 हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूरी नहीं होने  के कारण उनकी प्रक्रिया लंबित है। वहीं, मृत और अपात्र हितग्राहियों के नाम भी सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयकरदाता, शासकीय सेवकों के परिवार और निर्धारित मानदंडों के अनुसार अपात्र पाए गए लोगों को योजना से बाहर किया गया है।

मंत्री ने कहा कि  करीब एक लाख महिलाओं की राशि केवल ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण रुकी हुई है । पोर्टल दोबारा शुरू करने के सवाल पर उन्होंने कहा,  “विष्णु का सुशासन है, जल्द ही पोर्टल खोला जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने बेहद कम समय में आवेदन प्रक्रिया पूरी कर योजना को मात्र दो महीने के भीतर लागू किया था। हालांकि पोर्टल खोलने की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन मंत्री के बयान के बाद नए आवेदनों और छूटे हुए हितग्राहियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।