रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अभनपुर निवासी बलराम तिवारी का बीती रात आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन और समर्थकों में शोक की लहर है। वे भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) छत्तीसगढ़ परामर्शदात्री समिति के सदस्य भी थे।
बलराम तिवारी के निधन पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद, अविश्वसनीय और स्तब्ध कर देने वाला है। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति के दिनों से लेकर आज तक उनका और बलराम तिवारी का लंबा साथ रहा। वे संगठन के कर्मठ, समर्पित और अनुशासित कार्यकर्ता होने के साथ-साथ जनता के सुख-दुःख में हमेशा खड़े रहने वाले सच्चे जनसेवक थे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बलराम तिवारी का असमय निधन उनके लिए व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
बलराम तिवारी के निधन पर भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से अभनपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
