रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे रही हैं।
गौरेला विकासखंड के ग्राम तवाडबरा की श्रीमती ज्ञानवती बैगा इस योजना से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। ज्ञानवती बैगा अपने परिवार की आजीविका को मजबूत करने के लिए अमलेश्वर महादेव मंदिर के सामने नारियल की छोटी दुकान संचालित करती हैं। इस व्यवसाय से होने वाली आय के माध्यम से वह परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ घरेलू जिम्मेदारियों का भी बेहतर तरीके से निर्वहन कर रही हैं।
सीमित संसाधनों के बीच परिवार का पालन-पोषण करने वाली ज्ञानवती बैगा के लिए महतारी वंदन योजना आर्थिक सहारा बनी है। उन्होंने बताया कि उन्हें योजना की 29वीं किस्त प्राप्त हो चुकी है। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपनी नारियल दुकान के लिए जरूरी सामग्री खरीदने में किया, जिससे उनके छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिली।
ज्ञानवती बैगा ने बताया कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से अब उन्हें व्यवसाय संचालन के लिए पूंजी की चिंता कम हो गई है। योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने के साथ आत्मविश्वास भी दिया है। अब वह घर के खर्च और अपने व्यवसाय दोनों को बेहतर तरीके से संभाल पा रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम बन रही है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित यह योजना प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य को मजबूत कर रही है। नियमित आर्थिक सहायता के माध्यम से महिलाएं छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं, परिवार की आय में भागीदारी निभा रही हैं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। ज्ञानवती बैगा जैसी महिलाओं की सफलता इस योजना की प्रभावशीलता को दर्शाती है।
