रायपुर। राजधानी रायपुर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर से आगे बढ़े महाप्रभु के रथ को खींचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। खासकर महिलाओं ने रस्सा पकड़कर पूरे भक्तिभाव के साथ रथ को खींचा और जय जगन्नाथ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रायपुर के अवंति विहार-गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में राज्यपाल और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाप्रभु के रथ के आगे सोने की झाड़ू लगाकर पारंपरिक ‘छेरापहरा’ की रस्म निभाई। इसके बाद विधि-विधान के साथ रथयात्रा का शुभारंभ हुआ।
वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। केशकाल में लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोग छाता लेकर यात्रा में शामिल हुए। बीजापुर में सीआरपीएफ के जवानों ने भी रथयात्रा निकाली, जबकि भिलाई में रथयात्रा से पहले भक्तों ने विशेष धार्मिक आयोजन और उत्सव मनाया।
