रायपुर। लेंसकार्ट के कथित ड्रेस कोड को लेकर चल रहा विवाद अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ यह मामला अब जमीनी स्तर पर विरोध प्रदर्शन का रूप ले चुका है। रायपुर में धर्म जागरण समिति से जुड़ी सह-संयोजिका भारती वैष्णव ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ एक लेंसकार्ट शोरूम पर पहुंचकर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए और कर्मचारियों से बातचीत के बाद उन्हें तिलक भी लगाया। संगठन ने आरोप लगाया कि, कंपनी के ड्रेस कोड में धार्मिक प्रतीकों को लेकर भेदभाव किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से चेतावनी भी दी गई कि, यदि किसी कंपनी द्वारा कथित रूप से धार्मिक भावनाओं के खिलाफ नियम बनाए जाते हैं, तो उसका विरोध किया जाएगा।

इसी बीच भारती वैष्णव ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि, कंपनी के कर्मचारी तिलक, कलावा या जनेऊ नहीं पहन सकते, जबकि अन्य धार्मिक प्रतीकों को अनुमति दी जाती है। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए विरोध दर्ज कराया। हालांकि इस पूरे विवाद पर Lenskart पहले ही अपनी सफाई दे चुकी है। कंपनी ने कहा है कि, उसके स्टोर स्टाइल गाइड में सभी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों- जैसे तिलक, बिंदी, सिंदूर, कलावा, मंगलसूत्र, कड़ा, हिजाब और पगड़ी- का सम्मान किया जाता है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट कहा है कि, यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उसे खेद है और भविष्य में सभी नीतियां समानता और सम्मान के आधार पर लागू की जाएंगी।
