हैदराबाद। मेगास्टार चिरंजीवी ने अपने 71वें जन्मदिन के मौके पर फैंस को बड़ा तोहफा दिया है। उनकी आगामी फिल्म का नाम ‘काका’ रखा गया है और इसका दमदार टाइटल टीजर भी जारी कर दिया गया है। बॉबी कोली के निर्देशन में बनी यह फिल्म 13 जनवरी 2027 को संक्रांति के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का टीजर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के चुनिंदा सिनेमाघरों में दिखाया गया। ‘वाल्टेयर वीरय्या’ के बाद चिरंजीवी और बॉबी कोली की यह दूसरी फिल्म है। इसका निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है।
टीजर में चिरंजीवी सत्यम नाम के एक सुपरवाइजर के किरदार में नजर आते हैं, जो रावुलपालेम की अम्माजी एक्वा इंडस्ट्रीज में काम करता है। शुरुआत में कहानी समुद्री भोजन और मछली के कारोबार की पृष्ठभूमि में दिखाई जाती है, जहां सत्यम एक साधारण और मेहनतकश इंसान की जिंदगी जीते नजर आते हैं। हालांकि, टीजर का दूसरा हिस्सा पूरी तरह अलग तस्वीर पेश करता है। अचानक गोलियों की आवाज, हिंसा और चिरंजीवी का जबरदस्त एक्शन अवतार कहानी में बड़ा ट्विस्ट लेकर आता है। उनका यह अंदाज उनके पिछले किरदारों से काफी अलग दिखाई दे रहा है।
फिल्म में चिरंजीवी के किरदार के दो अलग-अलग पहलू देखने को मिलेंगे। एक तरफ वह सीधे-सादे और जमीन से जुड़े सत्यम के रूप में नजर आएंगे, वहीं दूसरी ओर उनका एक युवा और बेहद आक्रामक अवतार भी देखने को मिलेगा। मेकर्स ने टाइटल टीजर के साथ फिल्म की रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी है। ‘काका’ 13 जनवरी 2027 को संक्रांति के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
