न्यायिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं विभिन्न थानों से आए पैरालीगल वॉलंटियर्स की रही सहभागिता

Follow Us

न्यायालय परिसर कांकेर में साइबर सुरक्षा पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
साइबर अपराधों की रोकथाम एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए किया गया जागरूक
साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की दी गई जानकारी

कांकेर। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आम नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को जिला न्यायालय परिसर, कांकेर में साइबर सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में माननीय संजीव कुमार टामक, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा माननीय भास्कर मिश्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सी.जे.एम.) उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त साइबर सेल कांकेर के प्रभारी राजेन्द्र साहू, थाना कांकेर के प्रभारी जितेन्द्र साहू, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक पर्वत कौशल पोया एवं अभिषेक साहू सहित जिले के विभिन्न थानों से आए पैरालीगल वॉलंटियर्स ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल के अधिकारियों द्वारा साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा करने में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।

साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंकिंग संबंधी जानकारी एवं पासवर्ड साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर प्राप्त संदिग्ध संदेशों, कॉल और ऑनलाइन ऑफर के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई। डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित एजेंसी अथवा पुलिस को सूचित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना, भाटापारा पुलिस ने की कार्रवाई

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in के माध्यम से भी साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।