जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जुड़े वेतन घोटाले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती अनुमान से कहीं अधिक वित्तीय अनियमितता सामने आई है। जांच में अब तक करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपये की गड़बड़ी का पता चला है। मामले की शुरुआती जांच में वर्ष 2023 से 2026 के बीच करीब 2 करोड़ रुपये के घोटाले का अनुमान लगाया गया था, लेकिन दस्तावेजों की जांच और नए तथ्यों के सामने आने के बाद यह राशि बढ़कर 3.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। जांच एजेंसियों का कहना है कि घोटाले की वास्तविक रकम अभी और बढ़ सकती है।
जांच में सामने आया है कि एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में पदस्थ एक कर्मचारी ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित तौर पर इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। आरोप है कि सैलरी नोटशीट की हार्ड कॉपी में हेरफेर कर वेतन राशि में अनियमितता की गई और यह खेल लंबे समय तक चलता रहा। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल दस्तावेजों की गहन जांच जारी है और पुलिस व जांच एजेंसियां घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
