वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार को दहलाने की एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। ट्रंप की बड़ी बेटी इवांका ट्रंप और उनके पति जैरेड कुशनर की हत्या के इरादे से आए एक खूंखार आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। इस पूरी साजिश के पीछे ईरान की सेना इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का हाथ बताया जा रहा है।
अमेरिकी मीडिया ‘द पोस्ट’ के अनुसार, पकड़े गए 32 वर्षीय इराकी आतंकी का नाम मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी है। वह छह साल पहले अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी को अपना गुरु मानता था। सुलेमानी की मौत का आदेश तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिया था, जिसका बदला लेने के लिए अल-सादी ने ट्रंप परिवार को खत्म करने की कसम खाई थी।

जांच एजेंसियों को आरोपी के पास से इवांका ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित आलीशान घर का पूरा नक्शा (ब्लूप्रिंट) मिला है। इतना ही नहीं, आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सुरक्षा एजेंसियों को खुली चुनौती देते हुए लिखा था कि अमेरिका वाले यह न समझें कि वे सीक्रेट सर्विस के घेरे में सुरक्षित हैं। हम उन पर नजर रख रहे हैं और सही समय पर बदला लिया जाएगा। IRGC द्वारा विशेष रूप से प्रशिक्षित इस आतंकी की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की गहन तलाश में जुट गई हैं।
