आईपीएल 2026 फाइनल: गुजरात टाइटंस की खिताबी उम्मीदों पर पानी फेर सकते हैं आरसीबी के ये 5 ‘मैच विनर’

Follow Us

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का महामुकाबला आज यानी रविवार (31 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इस खिताबी जंग में आरसीबी के पास पांच ऐसे धुरंधर खिलाड़ी हैं, जो अकेले दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं और गुजरात टाइटंस के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द साबित होंगे।

इस लिस्ट में पहला और सबसे बड़ा नाम रन-मशीन विराट कोहली का है, जो इस सीजन में 15 मैचों में 600 रन बनाकर प्रचंड फॉर्म में हैं। गुजरात के खिलाफ पहले क्वालिफायर में भी उन्होंने 43 रनों की तेज पारी खेली थी। दूसरे नंबर पर कप्तान रजत पाटीदार हैं, जिन्होंने पहले क्वालिफायर में महज 33 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी आक्रामक फॉर्म का लोहा मनवाया है।

मध्यक्रम और गेंदबाजी में क्रुणाल पांड्या गुजरात के लिए घातक साबित हो सकते हैं, जो पहले भी दो बार आईपीएल फाइनल में ‘मैन ऑफ द मैच’ रह चुके हैं। पहले क्वालिफायर में उन्होंने 43 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी चटकाए थे। वहीं, गेंदबाजी की कमान अनुभवी भुवनेश्वर कुमार के हाथों में होगी, जो इस सीजन 15 मैचों में 26 विकेट लेकर आरसीबी के सबसे बड़े ट्रंप कार्ड बने हुए हैं। भुवनेश्वर ने पिछले मैच में शुभमन गिल को आउट कर गुजरात की कमर तोड़ी थी। आखिरी ओवरों में मैच फिनिश करने के लिए आरसीबी के पास टिम डेविड जैसा खतरनाक बल्लेबाज है, जो चंद गेंदों में ही गुजरात के गेंदबाजों का पूरा प्लान तहस-नहस करने का माद्दा रखते हैं।