रायपुर में 41 जगहों पर पुलिस की सघन नाकेबंदी, चोरी की स्कूटी बरामद, बटनदार चाकू के साथ युवक गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी में अपराधों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर 27 जुलाई की रात कमिश्नरेट के मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन में 41 स्थानों पर विशेष नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान रात 8 बजे से 11:30 बजे तक चला, जिसमें 5,000 से अधिक वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।

अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, फैंसी नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान जारी किए गए, जबकि वाहनों से ब्लैक फिल्म मौके पर ही हटवाई गई। शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर भी कड़ी निगरानी रखी गई।

इसी दौरान थाना गोलबाजार क्षेत्र के शास्त्री मार्केट से चोरी हुई हीरो होंडा प्लेजर (CG 04 DK 5384) की सूचना मिलते ही सभी नाकेबंदी प्वाइंट और पेट्रोलिंग टीमों को अलर्ट किया गया। एसीसीयू (ACCU) की टीम ने नाकेबंदी से बचने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद की। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

वहीं, थाना गंज पुलिस ने तेलीघानी नाका चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आर्यन चौहान (20) निवासी गुढ़ियारी को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।